शहर के प्रमुख पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़, सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन मुस्तैद
लोहरदगा: शारदीय दुर्गा पूजा की नवमी की शाम होते ही लोहरदगा शहर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। जिले के विभिन्न प्रखंडों, गांवों, पंचायतों और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन और भव्य पूजा पंडालों को देखने के लिए शहर पहुंचे। शाम ढलते ही शहर की सड़कों पर चहल-पहल बढ़ गई और प्रमुख पूजा पंडालों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
शहर के बीआईडी नवयुवक संघ पूजा समिति, बरवाटोली स्थित मनोकामना सिद्धि दुर्गा मंदिर, ब्लॉक मोड़ पूजा समिति, साइडिंग बस स्टैंड में वैष्णो देवी धाम की तर्ज पर बनाए गए भव्य पंडाल तथा थाना टोली स्थित पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
आकर्षक साज-सज्जा और भव्य पंडालों को देखने के लिए लोग परिवार के साथ पहुंच रहे हैं। पूरा शहर भक्तिमय माहौल में नजर आ रहा है।
नवमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए शहर के विभिन्न स्थानों पर पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा। भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी तैनात दिखे, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण ढंग से मां दुर्गा का दर्शन कर सकें और दुर्गा पूजा का आनंद उठा सकें।
मां दुर्गा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा और देर शाम तक पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। वही पूजा समिति के आयोजक भी श्रद्धालु दर्शकों को किसी प्रकार का दर्शन में परेशानी न हो लेकर कड़ी मेहनत कर रहे है