लोहरदगा: शारदीय नवरात्र के अवसर पर रविवार को लोहरदगा जिले के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों एवं मंदिरों में महानवमी की पूजा पूरे विधि-विधान और श्रद्धा-भक्ति के साथ संपन्न हुई। निर्धारित समय पर संधि बलि के बाद श्रद्धालुओं ने हवन-पूजन किया। इसके उपरांत नौ कन्याओं का पूजन कर उन्हें देवी स्वरूप मानते हुए भोजन कराया गया और उपहार देकर विदाई दी गई। इस दौरान मंदिरों और पूजा पंडालों में भक्तिमय माहौल बना रहा।
इसी क्रम में शहर के वार्ड नंबर चार स्थित मंगलदेव कॉलोनी के देवालय मंदिर में पुरोहित निलेश मिश्रा ने मंत्रोच्चार के साथ महानवमी की पूजा संपन्न कराई। संधि बलि के बाद हवन किया गया। इसके पश्चात छोटी-छोटी कन्याओं के पैर धोकर उन्हें तिलक लगाया गया और विधि-विधान से पूजन किया गया।
कन्याओं को भोजन कराकर दिए उपहार
नवकन्या पूजन के बाद कन्याओं को विभिन्न प्रकार के व्यंजन परोसकर श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया। साथ ही छोटे बालकों का भैरव स्वरूप मानकर पूजन किया गया और उन्हें भी प्रसाद खिलाया गया। धार्मिक परंपरा के अनुसार कन्याओं को चुनरी, रूमाल, कलम, पेंसिल और श्रृंगार सामग्री भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ अनुष्ठान
हिंदू धर्म में नवरात्र के दौरान कन्या पूजन का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि कन्याओं में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का वास होता है। इसी आस्था के साथ श्रद्धालु कन्याओं का पूजन कर सुख, समृद्धि, शांति और परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं।
मंगलदेव कॉलोनी स्थित देवालय मंदिर में आयोजित महानवमी का धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। मौके पर पुरोहित निलेश मिश्रा के अलावा इंदु देवी, मंजू सोनी, बबीता देवी, निधि यादव, वैष्णवी सोनी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित थे।